Diwali 2022: दीपावली में घर को सजाते समय रखें इन बातों का ख्याल

Diwali 2022: ऐसी मान्यता है कि दीपावली में घर की सफाई से घर में बरक्कत आती है। रोशनी का त्योहार दीपावली आने में कुछ ही दिन बाकी है। ऐसे में हर बार की तरह इस बार भी घर को कुछ अलग ढंग से सजाने के बारे में आप निश्चित रूप से सोच रहे होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं कुछ ऐसे यूनिक आइडियाज जिन्हें अपनाने के बाद मेहमान आपकी क्रिएटिविटी की तारीफ करने को मजबूर हो जाएंगे।

दीपावली में घर में ऐसे करें झालर का प्रयोग

जैसा कि हम सभी जानते हैं कि दिवाली रोशनी का त्योहार होता है, इसलिए लोग घरों को सजाने के लिए अंदर और बाहर सामान्यत: झालर वगैरह इस्तेमाल करते हैं। लेकिन आप इस बार घर के अंदर झालरों को सीधे तौर पर न लगाकर इनकी एक एक लड़ी को कांच की अलग अलग बोतल के अंदर डालकर इस्तेमाल करें। इन बोतलों को घर के किसी कोने या टेबल या जिस जगह आप लोगों को ध्यान खींचना चाहते हैं, उस स्थान पर थोड़ी थोड़ी दूरी पर रखें। अगर बोतल कलरफुल होंगी तो और भी खूबसूरत लगेंगी। आप चाहें तो वाइन की बोतल भी इस्तेमाल कर सकती हैं।

रंगों की नहीं फूलों की रंगोली बनाएं

दीपावली में घर पर लोग अक्सर दरवाजे पर रंगों से रंगोली बनाते हैं, लेकिन आप इस बार रंगों के बजाय फूलों की रंगोली बनाएं। इसके लिए आप चाहें तो बाजार से फूलों की लड़ियां लेकर उन्हें जमीन पर गोल गोल घुमाते हुए सर्किल वाला डिजायन बना दें और बीच में फूलों की पत्तियों को भर दें। रात के समय इसके बीच वाले हिस्से में एक दीपक रख दें। बेहद खूबसूरत लगेगा। इसके अलावा आप फूलों की लड़ी से एक स्वास्तिक का डिजायन भी बना सकती हैं। स्वास्तिक काफी शुभ माना जाता है। इसके चारों हिस्सों में एक एक दीपक रखकर सजाएं। स्वास्तिक बनाते समय तीन लड़ियों का कम से कम इस्तेमाल करें, ताकि ये हाइलाईट हो सके। इसके अलावा आप फूल की पत्तियों को अलग करके भी रंगोली का कोई भी पसंदीदा डिजायन बना सकती हैं।

मिट्टी के बर्तन से कोने सजाएं

मिट्टी के गोल कटोरेनुमा कुछ बर्तन खरीदें, जिनमें थोड़ा पानी भी भरा जा सके। इन बर्तनों को अपने पसंदीदा रंग से रंग लें या इन पर कोई डिजायन बना लें। इसके अलावा मिट्टी के कुछ दीपक लेकर भी उन्हें पेंट करके कलरफुल बना लें। दिवाली के दिन घर के कोने में मिट्टी का बड़ा बर्तन रखें। उनमें कुछ रंग बिरंगे फूल डालें और बर्तन के किनारे किनारे गोल राउंड लेते हुए छोटे दीपक रखें और उन्हें तेल की सहायता से जलाएं। आप चाहें तो मार्केट से मोम वाले कलरफुल दीपक का इस्तेमाल भी कर सकती हैं।

आटे की चलनी का प्रयोग

जिस तरह आटे की चलनी को आप रिबन, गोटे, किरन और सितारों से करवाचौथ के लिए सजाती हैं, उसी तरह आपको तीन से चार चलनियां सजानी हैं। इन चलनियों में खूबसूरत गोटा या कोई अन्य ऐसी चीज जो मजबूत भी हो और खूबसूरत दिखे, को बांधें। अब इसका दूसरा सिरा बड़े से हैंगर पर बांध थोड़ी थोड़ी दूर पर बांध दें। याद रखें कि बांधना ऐसे है कि सभी चलनियां ऊपर और नीचे लटकें, बराबरी पर नहीं। हैंगर में जिस जगह पर डोरी को बांधा है, उस जगह पर एक एक कपड़े वाला रंगीन क्लिप लगाएं। अब इस हैंगर को घर के किसी हुक पर टांग दें। रात को हर चलनी में एक रेडीमेड मोम वाला दीपक रखें और जलाएं। बेहद खूबसूरत नजर आएगा।

गार्डन में करें झालर का प्रयोग

अगर गार्डन है तो इसमें लगे पेड़ों में लाइट वाली झालर जरूर लगवाएं। रात में जब आप इन्हें जलाएंगे तो घर की रौनक ही अलग नजर आएगी। इसके अलावा घर के हिस्से को झालर से कवर करते समय ध्यान रखें कि खिड़कियों और मुख्य गेट पर खास फोकस करना है।  

यह भी पढ़ेंः