निष्ठा डुडेजा: गणतंत्र दिवस पर सलाम भारत की इस बेटी को

कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर निष्ठा डुडेजा ने किया है देश का प्रतिनिधित्व

निष्ठा डुडेजा: देश की बेटियां देश के गौरव को हमेशा बढ़ाने का काम करती हैं। इसी श्रंखला को आगे बढ़ाते हुए आज हम बात करने जा रहे हैं। भारत का गौरव कई प्रतियोगिताओं में बढ़ाने वाली व माननीय उप राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित निष्ठा डुडेजा की।

निष्ठा डुडेजा: मिस डेफ इंडिया

गौरतलब है कि निष्ठा डुडेजा जन्म से ही श्रवण बधिर हैं। बोलने और सांकेतिक भाषा की समझ विकसित करने के लिए उन्होंने बचपन में स्पीच थेरेपी का सहारा लिया। जिसके लिए उन्हें कठिन परिश्रम करना पड़ा,  वह ‘मिस डेफ इंडिया 2018’ व ‘मिस डेफ एशिया-2018’ का टाइटल अपने नाम कर चुकी हैं। वेंकटेश्वर कॉलेज (दिल्ली विश्वविद्यालय) से कॉमर्स में ग्रेजुएशन के बाद वह मुंबई के मीठीबाई कॉलेज से इकोनॉमिक्स में एमए कर रही हैं।

व‌र्ल्ड डेफ टेनिस चैंपियनशिप

वह एक अंतर्राष्ट्रीय लॉन टेनिस खिलाड़ी रही हैं और कई एआईटीए, एशियन टूर टेनिस और आईटीएफ टूर्नामेंट खेल चुकी हैं। उन्होंने जूडो में भी कई पदक जीते हैं। वह अपने स्कूल और कॉलेज की टेनिस टीम की भी कप्तान थीं। बुल्गारिया में वर्ष 2013 में हुए डेफ्लाम्पिक्स, इंग्लैंड में वर्ष 2015 में व‌र्ल्ड डेफ टेनिस चैंपियनशिप और तुर्की में वर्ष 2017 में आयोजित डेफ्लाम्पिक्स जैसे कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर वह भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

निष्ठा डुडेजा व माननीय राष्ट्रपति

निष्ठा को वर्ष 2018 में भारत सरकार द्वारा शिक्षा, खेल, कला और संस्कृति के क्षेत्र में उनकी सर्वांगीण उपलब्धियों के लिए ‘रोल मॉडल’ श्रेणी में दिव्यांग व्यक्तियों के सशक्तीकरण के लिए माननीय उप-राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है।

उनकी कुछ अन्य उपलब्धियाँ :

  • फरवरी 2019 में TEDxTalk में “साउंड ऑफ़ विक्टरी” पर संबोधन
  • अप्रैल, 2019 में दिल्ली में आयोजित फैशन मैगज़ीन के रनवे फॉल समर फैशन वीक की शोस्टॉपर
  • अगस्त 2018 में मुंबई में सीएसआर फाउंडेशन के ‘प्रोफेशनल एक्सीलेंस एंड लीडरशिप’ सम्मान से सम्मानित
  • प्रतिष्ठित धावक व अभिनेता मिलिंद सोमन के साथ दिल्ली के पिंकथॉन 2019 में शिरकत किया
  • दुनिया की शीर्ष 50 पत्रिकाओं में से एक एबिलिटी मैगज़ीन में उनकी स्टोरी प्रकाशित
  • वह दुनिया में हियरिंग मशीन बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी ‘सिवन्तोस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (पूर्व में सीमेंस हियरिंग इंस्ट्रूमेंट्स लिमिटेड) की ‘ब्रांड एम्बेसडर’ हैं

हम आशा करते हैं कि निष्ठा भारत का गौरव इसी तरह से बढ़ाती रहेंगी, पूरे देश की शुभकामनाएं उनके साथ है।

प्रेस विज्ञप्ति द्वारा प्राप्त जानकारी

यह भी पढ़ेंः