घमौरियों से मिल जाएगा छुटकारा माने “मशहूर स्किन एक्सपर्ट” के ये सुझाव
दिल्ली की मशहूर स्किन एक्सपर्ट व कॉस्मेटिक स्किन क्लीनिक, राजौरी गार्डन, नई दिल्ली की डायरेक्टर डॉक्टर करूणा मल्होत्रा ने बताया घमौरियों से कैसे छुटकारा पाया जा सकता है। चलिए जानते हैं

अधिकतर मामलों में गर्मियों में होने वाली घमौरियां कुछ दिनों में ठीक हो जाती हैं। अगर आपकी घमौरियां कुछ दिनों के भीतर दूर नहीं होती हैं। तो आपको दवा की आवश्यकता हो सकती है, ऐसे में बिना देर किए किसी त्वचा रोग विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें। देर करने से आपकी त्वचा में ये समस्या बढ़ सकती है। इसके साथ ही अगर आप कोई एंटीबायोटिक या अन्य नई दवा ले रहे हैं और आपको रैशेस हो गए हैं, तो ये बात भी अपने डाक्टर को बताना न भूलें।
आज हम घमौरियों के घरेलू इलाज पर बात करने जा रहे हैं, तो चलिए जानते हैं कि किन उपायों से इस समस्या से घर पर ही जल्द से जल्द छुटकारा मिल सकता है।
चंदन
गर्मियों में ठंडक लाने के लिए जो भी उपाय मिलें उसे अपनाना चाहिए। चंदन अपने ठंडे गुणों के लिए जाना जाता है और घमौरियों के लिए एक बेहतरीन घरेलू उपचार हो सकता है। पानी में थोड़ा सा चंदन पाउडर मिलाकर पेस्ट बनाएं और घमौरियों पर लगाएं। इसके बाद इसे ठंडे पानी से धो लें। ऐसा करने से आपको समस्या से बहुत जल्द फायदा मिल सकता है।
एलोवेरा जेल
दरअसल एलोवेरा जेल किसी भी त्वचा संबंधी समस्या के लिए सबसे अच्छा उपचार है। इससे घमौरियों में भी फायदा मिलता है। एलोवेरा जेल में हीलिंग गुण होते हैं और यह लालिमा और सूजन को कम करने में भी मदद करता है। घमौरियों पर एलोवेरा जेल लगाएं और इसे कम से कम 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर ठंडे पानी से धो लें।
नीम
नीम अपने औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है। आप नीम को पानी में मिलाकर और पीसकर इसका पैक बना सकते हैं। आप इस पैक को घमौरियों के इलाज के लिए उन पर लगा सकते हैं। नीम में एंटी-माइक्रोबियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं और यह खुजली और जलन में मदद कर सकती है।
गुलाब जल
गुलाब जल, शहद और शुद्ध पानी का मिश्रण बनाकर आइस ट्रे में जमा लें। एक बार में चार से पांच बर्फ के टुकड़े लें और उन्हें एक मुलायम मलमल के कपड़े में लपेट दें। इससे घमौरियों से प्रभावित क्षेत्रों पर हल्के हांथ से मसाज करें। गुलाब जल त्वचा के पीएच संतुलन को बनाए रखने में मदद करता है और अतिरिक्त तेल को भी नियंत्रित करता है। इससे आपको घमौरियों में राहत मिलेगी।
दही
दही को त्वचा पर ठंडक और आराम देने वाले प्रभाव दोनों के लिए जाना जाता है। ठंडे दही को प्रभावित क्षेत्रों पर लगाएं और 15 मिनट के लिए छोड़ दें। इससे घमौरियां जल्दी ठीक करने में मदद मिलेगी। इसके बाद ठंडे पानी से धो लें और थपथपा कर सुखा लें। इससे गर्मियों में होने वाली घमौरियों में फायदा होता है।